परसामलिक। क्षेत्र के सेवतरी चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत शिवपुरी टोला श्रीनगर में बृहस्पतिवार को एक नवविवाहिता का शव संदिग्धावस्था में कमरे में बेड पर मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पति को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है साथ ही फोरेंसिक टीम जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार परसामलिक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत विषखोप टोला श्रीरामपुर निवासी जयहिंद पांडेय की पुत्री रंजना पांडेय की शादी तीन वर्ष पूर्व क्षेत्र के ग्राम पंचायत शिवपुरी टोला श्रीनगर निवासी दिलीप उर्फ मोनू दूबे से हुई थी। दोनों का एक साल का बेटा है। थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया कि संदिग्धावस्था में नव विवाहिता का शव उसके कमरे में बेड पर मिला है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।