दो साल से खराब है जिला अस्पताल को
बिजली आपूर्ति करने वाली मुख्य लाइन
गर्मी में बिजली कटने से डॉक्टर समेत मरीज और तीमारदारों को होती है परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। करीब दो साल से जिला अस्पताल को बिजली की आपूर्ति करने वाली मुख्य लाइन खराब है। हालांकि अस्पताल को वैकल्पिक व्यवस्था से बिजली की आपूर्ति की जा रही है, लेकिन इससे निर्बाध बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है। अक्सर बिजली गुल हो जाती है। कई बार लो वोल्टेज की समस्या हो जाती है। इस कारण मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल के स्टाफ को परेशानी होती है।
जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल में निरंतर विद्युत आपूर्ति के लिए अलग से मुख्य लाइन बनाई गई थी। करीब दो साल पहले फरेंदा मार्ग के निर्माण के दौरान मुख्य लाइन कई जगह क्षतिग्रस्त हो गई। इस कारण इस लाइन से अस्पताल को बिजली की आपूर्ति नहीं की जाती है। वैकल्पिक लाइन से अस्पताल को बिजली की आपूर्ति की जा रही है। हालत यह है कि जिला अस्पताल में बिजली कभी भी गुल हो जाती है। इस कारण मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अस्पताल का स्टाफ भी परेशान होता है। बिजली कटौती से ब्लड बैंक में समस्या हो जाती है।
मंगलवार को दिन में कई बार बिजली कुछ देर के लिए गुल हो गई। यही, हाल जिला महिला अस्पताल का भी है। यहां भी बिजली गुल रहने से मरीजों को गर्मी में परेशानी होती है। वहीं, जिम्मेदार खामियों को छिपाने के लिए फाइलों में सब ठीक रखते हैं। फाइल में जिला अस्पताल में निर्बाध बिजली की आपूर्ति हो रही है।
रतनपुर गांव से आए तीमारदार रामदरश ने बताया कि अक्सर कुछ देर बाद बिजली गुल हो जाती है। जनरेटर भी कभी कभार चलता है। बिजली गुल होने से पंखा नहीं चलता है। ऐसे में भीषण गर्मी में मरीज और तीमारदार परेशान हो जाते हैं। खोस्टा गांव के मधुकर प्रसाद ने बताया कि बिजली रहती है, लेकिन अक्सर वोल्टेज लो हो जाता है। इससे फंखा धीरे-धीरे चलता है।
--------------
बिजली की मुख्य लाइन को ठीक कराने के लिए विद्युत निगम को कई बार पत्र भेजा गया है। बिजली निगम इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा है। वैकल्पिक व्यवस्था से किसी तरह काम चलाया जा रहा है।
- डॉ. एएम भाष्कर, सीएमएस
--------------
मुख्यालय फीडर से जिला अस्पताल को निर्बाध बिजली की आपूर्ति की जा रही है। मुख्य लाइन को ठीक कराने की व्यवस्था बनाई जा रही है।
- हरिशंकर, एक्सईएन, विद्युत वितरण खंड प्रथम