कलेक्ट्रेट परिसर में संविदा स्वास्थ्य कर्मियों ने दिया धरना
महराजगंज। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ की ओर से गत चार दिनों से विभिन्न मांगों को लेकर धरना दिया जा रहा है। शनिवार को संगठन के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना देकर गुस्से का इजहार किया। संविदा कर्मियों ने कहा कि मांगें पूरी करने की दिशा में कारगर कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन जारी रहेगा। कर्मियों ने कहा कि आंदोलन को बंद कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
शनिवार को संविदा कर्मियों के हड़ताल का असर कामकाज पर दिखा। करीब 11 बजे आंदोलन पर डटे कर्मियों ने टीका लगा रहे कर्मियों को आंदोलन में शामिल कर लिया। इसके बाद कुछ देकर टीकाकरण प्रभावित रहा। थोड़ी देर में अन्य कर्मियों ने टीकाकरण शुरू कर दिया। इस बीच कुछ देर लोगों को परेशानी हुई। उधर, कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठे संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ.राजीव शर्मा ने कहा कि दबाव बनाकर आंदोलन को समाप्त कराने की साजिश रची जा रही है। डॉक्टरों की क्लीनिक सीज कर परेशान किया जा रहा है। ऐसी कार्रवाई से संविदा कर्मी डरने वाले नहीं हैं। कोविड काल में पूरे मनोयोग से कार्य करने वाले कर्मियों के हित पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने आयुष डॉक्टर को यह कह कर परेशान किया जा रहा है कि एलोपैथ की दवा नहीं लिख सकते हैं, लेकिन यही डॉक्टर कोरोना काल में घर घर एलोपैथ दवा ही वितरित कर रहे थे, उस वक्त किसी ने नहीं कहा कि इनको यह वितरित नहीं करनी चाहिए। यह दोहरी व्यवस्था समाप्त होनी चाहिए। महामंत्री डॉ. प्रज्ञानंद सागर ने कहा कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन तेज होगा। इस दौरान पारूल राठी, धर्मेंद्र गुप्ता, रोशनी, उमाशंकर, दुर्गावती, छाया, प्रीति श्रीवास्तव, रोशनी, सूर्य प्रताप सिंह, पूजा सिंह, पिंकी, वर्षा आदि मौजूद रहे।