नामी कंपनी के रेपर में बिक रहा था नकली नमक, 30 बोरी जब्त
परतावल (महराजगंज)। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के परतावल में बुधवार को श्यामदेउरवां पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। ब्रांडेड नमक कंपनी के आपरेशन मैनेजर पीयूष श्रीवास्तव व देवेंद्र प्रताप सिंह की सूचना पर पुलिस ने छापा मार कर 30 बोरी नकली नमक जब्त की है।
पुलिस आरोपित गनेश को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। परतावल पनियरा मार्ग पर जद्दू पिपरा निवासी छेदी विश्वकर्मा के मकान में महीनों से चल रही नकली नमक फैक्ट्री में बुधवार को पुलिस ने छापा मारा। दो कमरे में चल रही इस फैक्ट्री में ब्रांडेड कंपनी के नमक का रेपर लगाकर मार्केट में बेचा जाता था। ब्रांडेड नमक के आपरेशन मैनेजर पीयूष श्रीवास्तव व देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परतावल में नकली नमक बनाए जाने की सूचना मिली थी। जिस पर काफी मेहनत और खोजबीन के बाद आज फैक्ट्री का पता चला है। स्थानीय पुलिस की मदद से उक्त स्थान पर छापा मारा गया, जहां 30 बोरी के लगभग ब्रांड के नाम पर नकली नमक बरामद की गई।
कुशीनगर के कप्तानगंज निवासी ने किराए के मकान में खोली थी फैक्ट्री
फैक्ट्री में नकली पान मसाला, नकली बड़ी इलायची, नकली दालचीनी को भी बरामद किया गया। मकान मालिक छेदी विश्वकर्मा की पुत्री रीना ने बताया कि पिछले दो महीने से मकान कुशीनगर के कप्तानगंज निवासी एक व्यक्ति किराए पर लिए थे। अंदर क्या हो रहा था इसकी जानकारी हम लोगों को नहीं थी। प्रभारी निरीक्षक आनंद गुप्ता ने बताया कि मामले में एक संदिग्ध युवक को पूछताछ के लिए बैठाया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
फफुंदी लगे खोया को बाहर फेंकवाया
परतावल। श्यामदेउरवां थानाक्षेत्र के परतावल पनियरा मार्ग पर बुधवार को नकली नमक फैक्ट्री में छापा के दौरान प्रभारी निरीक्षक आनंद गुप्ता की नजर फैक्ट्री के बगल वाले कमरे में बन रहे एक प्रतिष्ठित मिठाई की दुकान की मिठाइयों पर पड़ी। अंदर खुले में मिठाइयां पड़ी थीं जिस पर फफुंदी लगी थी। इंस्पेक्टर ने दुकानदार को फटकार लगाते हुए फफुंदी लगे खोया और अन्य मिठाइयों को बाहर फेंकवा दिया।