जिला अस्पताल में स्क्रब टाइफस की जांच किट नहीं, मरीजों को परेशानी
महराजगंज। जिला अस्पताल में स्क्रब टाइफस की जांच किट नहीं है जिससे एईएस के मरीजों की जांच नहीं हो पा रही है। जांच किट अस्पताल में जनवरी से ही नहीं है। जरूरत पड़ने पर मरीजों को बाहर से रकम खर्च कर जांच कराना पड़ता है। लेकिन, जिम्मेदार समस्या को लेकर गंभीर नहीं हैं। बाहर पैथॉलोजी में जांच कराने में मरीजों की जेब ढीली हो जा रही है।
जानकारी के मुताबिक जनवरी 2021 से अब तक जिला अस्पताल में स्क्रब टाइफस जांच किट उपलब्ध नहीं है। एक जनवरी 2021 से 4 सितंबर तक जिला अस्पताल के ईटीसी वार्ड में कुल 1417 मरीज भर्ती हो चुके हैं। इसमें 543 तेज बुखार के मरीजों का इलाज हुआ है। इसमें से 53 एईएस के मरीजों को चिह्नित कर उनके ब्लड सैंपल की जांच हुई तो 7 जेई, 5 डेंगू के अलावा 5 चिकनगुनिया के मरीज सामने आए हैं। लेकिन स्क्रब टाइफस की किट जिला अस्पताल में नहीं रहने के कारण मरीजों के स्क्रब टाइफस की जांच अस्पताल में नहीं हो पाई है। मरीजों को जरूरत पड़ने पर बाहर मोटी रकम देकर जांच करानी पड़ रही है। वहीं, जिला अस्पताल की ओर से कई बार मांग के बाद भी निदेशालय संचारी रोग द्वारा स्क्रब टाइफस की जांच किट नहीं भेजी गई।
सीएमएस डॉ. एके राय ने बताया कि जिला अस्पताल में एईएस के मरीजों का ही जेई, चिकनगुनिया, डेंगू, स्क्रब टाइफस की जांच कराई जाती है। स्क्रब टाइफस की जांच किट न होने से जांच नहीं हो पा रही है। इसके लिए निदेशक संचारी रोग को पत्र भेजा गया है। किट मिलते ही जांच शुरू कराई जाएगी।
स्क्रब टाइफस एक गंभीर बीमारी है
जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विशाल चौधरी ने बताया कि स्क्रब टाइफस-एईएस के ग्रुप की एक गंभीर बीमारी है। किसी भी एईएस के मरीज का जेई, चिकनगुनिया, स्क्रब टाइफस, डेंगू आदि की जांच कराई जाती है। जांच के बाद मरीजों की बीमारी के बारे में जानकारी मिलने से इलाज में आसानी होती है।
जिला अस्पताल में स्क्रब टाइफस की जांच किट न होने की सूचना जिला अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग की ओर से शासन को भेज दी गई है। जैसे ही जिले में स्क्रब टाइफस की किट उपलब्ध होगी जांच शुरू कराई जाएगी।
-डॉ. एके श्रीवास्तव, सीएमओ