कर्मियों की कमी से रोडवेज बसों की नहीं हो पा रही मरम्मत
महराजगंज। इन दिनों रोडवेज की बसों की मरम्मत समय से नहीं हो पा रही है। महराजगंज डिपो के वर्कशाप में 63 कर्मियों की जगह महज 20 कर्मचारी की तैनात हैं। कर्मचारियों की संख्या पर्याप्त नहीं रहने के कारण बसों की मरम्मत ठीक ढंग से नहीं हो पा रही है। मरम्मत के अभाव में प्रत्येक दिन चार से पांच बसें डिपो में खड़ी रहती हैं।
जानकारी के अनुसार महराजगंज डिपो के वर्कशाप में फोरमैन, सीनियर फोरमैन, मजदूर, इलेक्ट्रीशियन, टायर मैन, टायर क्लिनर, अपोस्टर, बाड़ी मकैनिक, टीन स्मैक, बेल्डर आदि पद खाली हैं। वहीं आठ फीटर में केवल 2 की तैनाती है। तीन सहायक मकैनिक में दो और तीन मकैनिक में दो की ही तैनाती है। वर्कशाप में कुल 43 कर्मचारियों के पद रिक्त हैं। ऐसे में ठीक ढंग से रोडवेज बसों की मरम्मत न होने के कारण यह बस जल्दी ही खराब हो जाती है। इतना ही नहीं कुछ बसें खड़ी भी रह जाती हैं।
एआरएम महेंद्र पाड़ेय ने बताया कि वर्कशाप में सभी पद को मिलाकर 63 कर्मचारियों के स्वीकृत पद हैं। जिसमें केवल 20 पदों पर ही कर्मचारी कार्य कर रहे हैं। वर्कशाप का कार्य बेहतर ढंग से किया जा सके, इसके लिए बाह्य स्रोत से कार्य कराया जा रहा है। दिन रात मेहनत कर सभी बसों की मरम्मत करते हैं। उन्होंने बताया कि रिक्त पदों की सूचना उच्चाधिकारियों को भेजी गई है।