रोडवेज बस की सुविधा राष्ट्रीय राजमार्ग पर नहीं
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। परतावल-कैम्पियरगंज राष्ट्रीय राजमार्ग से जिले के लोगों को प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर व लखनऊ आवागमन के लिए रोडवेज बस की सुविधा शुरू नहीं हो पाई है। यह स्थिति तब है जबकि पूर्व मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह के कार्यकाल में पनियरा से प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर व लखनऊ के लिए सीधी बस सेवा थी लेकिन यह सेवा बंद होने के बाद परिवहन निगम अब तक फिर से बस सेवा शुरू नहीं कर पाया है।
उधर, परतावल-कैम्पियरगंज के बीच की 35 किमी दूरी तय करने के लिए लोगों को चार बार टेंपो बदलनी पड़ती है। इससे लोगों को आवागमन में ज्यादा समय लगने के साथ ही खर्च भी अधिक करना पड़ता है। पूर्व मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह के कार्यकाल में पनियरा से प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, लखनऊ के लिए सीधी बस सेवा थी। पनियरा से दो बसें प्रतिदिन गोरखपुर तक चार-चार चक्कर लगाती थीं। इसमें से एक बस परतावल और दूसरी नटवा भटहट होकर जाती थी। लेकिन एक दशक पहले परिवहन निगम की बसें इस मार्ग पर चलनी बंद हो गईं। अब पनियरा से मात्र एक बस गोरखपुर डिपो की पनियरा-नटवा-भटहट के रास्ते सुबह शाम चल रही है। लेकिन इस बस के आने जाने का कोई निर्धारित समय नहीं है। परतावल निवासी पुनीत, अली शेर ने बताया कि परतावल से एक-एक निजी बस प्रतिदिन दिन लखनऊ व सोनौली के लिए आती जाती है, लेकिन परिवहन निगम की सेवा इस मार्ग पर उपलब्ध नहीं है। अगर रोडवेज की बस सेवा शुरू हो जाए तो लोगों की समस्या कुछ कम हो जाती। रामनिवास और राजेंद्र का कहना है कि जिले में आवागमन का प्रमुख साधन बस सेवा है, लेकिन बस सेवा बदहाल होने से लोगों की परेशानी बनी हुई है।पनियरा निवासी राधे, राजित, मंजेश, मोहित आदि का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग 328 परतावल से कैम्पियरगंज तक पहुंचने की राह आसान नहीं है। चार बार आटो बदलने के बाद कैम्पियरगंज पहुंचते हैं। यह राष्ट्रीय राज मार्ग परतावल से बस्ती तक है। अगर रोडवेज की बस सेवा शुरू हो जाती तो परतावल, पनियरा से बस्ती, अयोध्या, लखनऊ के लिए सफर आसान हो जाएगी।परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक भुनेश्वर प्रसाद का कहना है कि चालकों की कमी के बाद भी परिवहन व्यवस्था बेहतर करने का प्रयास जारी है। अप्रैल माह से रूट का सर्वे कराने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस सेवा शुरू कराने की कोशिश की जाएगी।