महराजगंज। जिले में जगह-जगह योग शिविर का आयोजन हुआ। शहर से लेकर गांव तक लोगों ने योगाभ्यास कर शरीर को निरोग बनाने का संकल्प लिया। शहर में शंकर वाटिका, हनुमानगढ़ी में योगाभ्यास कराया गया। यहां योग शिक्षक उपेंद्र जायसवाल ने लोगों को योगाभ्यास कराया।
बाल योग एवं संस्कार शिविर के आठवें दिन सोमवार को मुख्य योग शिक्षक रविंद्र गुप्ता ने बाल योग साधकों को प्राणायाम के उपरांत, ताड़ासन वृक्ष-आसन, ध्रुवासन, मकरासन, पदवृत्तासन, मंडूकासन, गोमुखसन एवं वक्रासन आदि का अभ्यास कराया।
मुख्य अतिथि नगर पालिका पूर्व अध्यक्ष कृष्णगोपाल जायसवाल ने कहा कि योग करने से मन, मस्तिष्क एवं शरीर में संतुलन स्थापित होता है। शरीर तो स्वस्थ रहता ही है, साथ ही मन भी प्रसन्न रहता है। योग की साधना करने से मस्तिष्क में अच्छे विचारों का उद्भव होता है। सिटीजन फोरम के महासचिव विमल पांडेय ने कहा कि बच्चों को अपने आचरण को शुद्ध करना है तो उन्हें संस्कार और शिष्टाचार का ज्ञान होना बहुत आवश्यक है।
जिला प्रभारी विंध्यवासिनी सिंह ने बालयोग साधकों को हास्यासन कराया। कार्यक्रम का संचालन गणेश श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान गोविंद यादव, राकेश, वरुण, ज्ञानेंद्र, राघवेंद्र, धर्मेंद्र,बीडी यादव, सुनील कुमार, आरके शर्मा, राजेश यादव मौजूद रहे।
खनुआ प्रतिनिधि के अनुसार, भारत-नेपाल सीमा पर स्थित शेख फरेंदा गांव में ग्राम प्रधान रामबचन उर्फ महेंद्र यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने योगाभ्यास किया। सोमवार सुबह ग्राम पंचायत शेख फरेंदा में ग्राम प्रधान रामबचन उर्फ महेंद्र यादव के नेतृत्व में योगाभ्यास किया गया।
अड्डा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय योगा दिवस के अवसर पर नौतनवा विकास खंड के ग्राम पंचायत बरवाखुर्द मनरेगा पार्क में सोमवार को सुबह छह बजे ग्रामीणों ने योग किया।
सिसवा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, सिसवा ब्लॉक सभागार में योगाभ्यास कराया गया। जिला कार्यक्रम प्रबंधक शुभम सिंह, योग प्रशिक्षक देवेंद्र सिंह, पतंजलि योग प्रशिक्षक धर्मदेव तिवारी व आयुष माधुरी प्रजापति और ब्लॉक कर्मियों ने योगाभ्यास किया।