ईमानदारी पूर्वक दायित्वों का निर्वहन करें मतदान कार्मिक
महराजगंज। जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्र में तैनात मतदान कार्मिक ईमानदारी पूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करें। ऐसा करके वे स्वस्थ लोकतंत्र की स्थापना में अहम भूमिका निभाएंगे।
ये बातें बृहस्पतिवार को चेहरी स्थित आईटीएम में आयोजित मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण के छठें दिन बृहस्पतिवार को सदर के प्रेक्षक नवीन मित्तल ने कहीं। उन्होंने कहा कि मतदान कार्मिक समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए पूरे मनोयोग से कार्य करें। प्रभारी अधिकारी कार्मिक गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि मतदान पार्टियों में शामिल सभी सदस्यों की भूमिका अहम है। यदि कहीं कोई समस्या हो तो उच्चाधिकारियों को अवगत भी कराएं। मास्टर ट्रेनर के रुप में परियोजना निदेशक आरके पाल, डीडीओ जगदीश त्रिपाठी, जिला पंचायत राज अधिकारी कृष्ण बहादुर वर्मा, जिला परियोजना समन्वयक एके उपाध्याय, मनोज प्रजापति, संतोष शुक्ला आदि मौजूद रहे।
--
छठे दिन 38 कार्मिक रहे अनुपस्थित
छठे दिन के प्रशिक्षण में कुल 38 कार्मिक अनुपस्थित रहे। सहायक अधिकारी कार्मिक जगदीश त्रिपाठी ने कहा कि प्रशिक्षण में अनुपस्थित कार्मिकों ने यदि 27 फरवरी तक प्रशिक्षण नहीं लिया तो उनके विरुद्ध एफआईआर कराते हुए विभागीय कार्रवाई के लिए आयोग को पत्र भेजा जाएगा।