पट्टाधारकों ने कब्जा दिलाने की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
निचलौल (महराजगंज )। क्षेत्र के जमुई कला गांव निवासी नाराज पट्टाधारक तहसील परिसर पहुंचकर जिम्मेदारों के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। उसके बाद इन लोगों ने एसडीएम के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंप सीलिंग की भूमि पर पट्टाधारकों का कब्जा दिलाने की मांग की।
तहसील परिसर में प्रदर्शन कर रहें पट्टाधारक रामआसरे,आशुतोष, त्रिभुवन, उमाशंकर, बनवारी, दयालाल, हरिलाल, लंगड़, तिलकधारी, गोबरी, चंद्रजीत, राजेन्द्र, रामलाल, रामदास आदि ने बताया कि गांव स्थित करीब आठ एकड़ सीलिंग की भूमि को डेढ़ दशक पहले 27 पात्र लाभार्थियों में पट्टा हुआ था। उसके बाद एक व्यक्ति द्वारा न्यायालय में रिट दाखिल कर दिया गया। लेकिन न्यायालय ने दाखिल रिट को खारिज कर मामलें की सुनवाई करने के लिए कमिश्नर को आदेश दिया। सुनवाई के दौरान 29 सितंबर वर्ष 2021 को सीलिंग की भूमि को पट्टा करने का आदेश को बहाल करते हुए पट्टाधारकों को कब्जा दिलाने का आदेश जारी हो गया। जबकि 23 दिसम्बर को डीएम द्वारा भी पट्टाधारकों को कब्जा दिलाने का आदेश जारी कर दिया गया है। वही पट्टाधारकों का आरोप है कि कमिश्नर और डीएम के आदेश के बाद भी स्थानीय जिम्मेदार पीड़ितों की दर्द सुनने को तैयार नहीं है। इस संबंध में एसडीएम सत्यप्रकाश मिश्रा ने कहा कहा कि मामलें की जानकारी मिली है। सीलिंग की उक्त भूमि पर पट्टाधारकों की कब्जा नहीं है। मामलें की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।