भारत-नेपाल सोनौली सीमा पर एक घंटे रहा आवागमन बंद
सोनौली (महराजगंज)। भारतीय केले पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहे नेपाली किसानों ने भारत- नेपाल सीमा के पास बेलहिया कस्बे में सड़क को जाम कर दिया। करीब एक घंटे अपनी मांगों के संबंध में नारेबाजी करते हुए किसानों ने तत्काल भारतीय केले के आयात को रोकने की मांग की। मौके पर पहुंची नेपाल पुलिस ने किसानों को समझा-बुझाकर कर जाम को समाप्त किया।
मंगलवार दोपहर करीब एक बजे किसान नवलपरासी जिले के किसान मोतीलाल कोइरी के नेतृत्व में भारत -नेपाल सीमा सोनौली से सटे नेपाली सीमा बेलहिया कस्बे में पहुंचे और शांति द्वार के नीचे अपनी मांगों के संबंध में बैनर पोस्टर के साथ सड़क जाम कर दिया। भारतीय केले के आयात रोकने की मांग करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। मोतीलाल ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व किसानों का एक समूह लुंबिनी प्रदेश की कृषि खाद्य प्रौद्योगिकी और भूमि प्रबंधन मंत्री सुमन शर्मा रायमाझी से मिलकर एक ज्ञापन सौंपा था जिसमें भारतीय केले के आयात को रोकने के संबंध में ज्ञापन सौंपा था। लेकिन, एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। लिहाजा मजबूरन सरहद पर आकर यह कदम उठाया गया। भारत- नेपाल की मुख्य सड़क जाम होने से करीब एक घंटे आवागमन ठप रहा जिससे जाम की स्थिति हो गई थी। बेलहिया इंस्पेक्टर नवीन पौडेल ने बताया कि किसानों को समझा-बुझाकर उच्चाधिकारियों से मिलने के लिए कहा गया है। अब स्थित सामान्य है।