मतदाताओं को जागरूक करेगा रोटरी क्लब
आज आयोजित होगी गोष्ठी, लोगों को मतदान का महत्व बताया जाएगा
महराजगंज। विधानसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान के लिए मतदाताओं को जागरूक करने की हरसंभव कोशिश की जा रही है। प्रशासन से लेकर निजी संगठन तक इस काम में लगे हुए हैं। इन सबके बीच, रोटरी क्लब ने भी वोटरों को मतदान के लिए प्रेरित करने का फैसला किया है।
रोटरी क्लब की ओर से रविवार शाम 6:30 शहर के एक मैरिज हाल में गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लोगों को मतदान का महत्व बताया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोगों को आमंत्रित किया गया है। रोटरी क्लब के अध्यक्ष डॉ. ठाकुर भरत श्रीवास्तव ने बताया कि उनका संगठन सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग है। इस बार जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने की पूरी कोशिश की जा रही है। क्लब के पदाधिकारी भी लोगों को जागरूक करने में जुटे हैं। संस्थापक अध्यक्ष विंध्यवासिनी सिंह, डॉ. डीके सहानी, डॉ. कृष्णा सहानी, देवेश पांडेय, आत्माराम गुप्त ने बताया कि विविध गतिविधियों के माध्यम से लोगों को मतदान के लिए जागरूक करने की योजना बनाई गई है।