परसामलिक। ग्राम पंचायत सेखुआनी टोला नौडिहवा के पास गणेश ईंट भट्टा परिसर में तेंदुए का पग चिह्न मिलने से क्षेत्र में दहशत फैल गई है। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने सघन अभियान चलाकर तलाश की, लेकिन दिखाई नहीं दिया। सतर्कता के तौर पर वन विभाग की टीम ने ईंट भट्ठे पर कार्य कर रहे मजदूरों को अकेले बाहर नहीं जाने की सलाह दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत सेखुआनी टोला नौडिहवा गणेश ईंट भट्टा के परिसर में ईंट का कार्य कर रहे मजदूरों ने मंगलवार को तेंदुए का पग चिह्न देखकर वन विभाग को सूचित किया। सूचना पाकर उत्तरी चौंक रेन्ज घोड़हवा बीट के फारेस्टर जितेन्द्र कुमार गौड़, वन रक्षक राजेश श्रीवास्तव, वाचर छोटेलाल मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम सघन जांच अभियान चलाकर काफी तलाश की। जेसीबी लगाकर झाडियों को हटवाया, लेकिन तेंदुए का कहीं पता नहीं चल सका।
उत्तरी चौंक रेंज घोड़हवा बीट के फारेस्टर जितेंद्र कुमार गौड़ ने बताया कि सघन जांच अभियान चलाकर तेंदुए की तलाश की गई, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। आसपास के लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। वन विभाग की टीम तेंदुआ की तलाश में लगी हुई है।