बैग में रखा लैपटॉप वरिष्ठ टिकट परीक्षक ने यात्री के घर पहुंचाया
नौतनवां (महराजगंज )। रेलवे स्टेशन नौतनवां से गोरखपुर को जाने वाली छपरा इंटरसिटी एक्सप्रेस में शनिवार की शाम यात्रा करने के दौरान गोरखपुर के एक युवक का लैपटॉप व अन्य सामान से भरा बैग ट्रेन में ही छूट गया। उसे वरिष्ठ टिकट परीक्षक नौतनवां जितेंद्र कुमार द्वारा युवक के घर पहुंचकर सामान को सकुशल यात्री के सुपुर्द किया गया। टिकट परीक्षक के इस सराहनीय कार्य पर यात्री के परिजनों ने उनका धन्यवाद ज्ञापित किया।
यात्री नवीन गुप्ता निवासी पादरी बाजार, गोरखपुर ने बताया कि शनिवार की शाम वह नौतनवां से गोरखपुर जाने के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस में बैठे हुए थे। ट्रेन आनंदनगर में रुकी तो वह कुछ काम से सामान को ट्रेन में ही छोड़ प्लेटफार्म पर उतर गए। इतने में ट्रेन चल दी। ट्रेन छूटने के बाद सामान को लेकर चिंतित यात्री नवीन प्लेटफार्म पर मौजूद आरपीएफ उपनिरीक्षक लोकेश कुमार पासवान के पास पहुंचे। उन्होंने तत्काल ट्रेन में मौजूद टिकट परीक्षक जितेंद्र कुमार को सामान के बारे में जानकारी देते हुए उसे अपने संरक्षण में लेने की बात कही।
टिकट परीक्षक जितेंद्र कुमार ने काफी प्रयास के बाद उक्त कोच को ढूंढ यात्री के बैग को अपने संरक्षण में ले लिया और ट्रेन के गोरखपुर पहुंचने के बाद देर शाम उन्होंने लैपटॉप व अन्य सामान से भरा बैग यात्री नवीन गुप्ता के पादरी बाजार स्थित उनके घर पहुंचकर उन्हें सुपुर्द कर दिया। रेलकर्मी की इस ईमानदारी पर विभागीय अधिकारियों के साथ ही अन्य यात्रियों ने भी खूब सराहना की।