आंधी और हल्की बारिश से जमीन पर झुकी धान की लहलहाती फसल
महराजगंज। मौसम के बदले मिजाज से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रविवार को अचानक तेज आंधी के साथ कुछ स्थानों पर हुई हल्की बारिश से किसान परेशान हो गए हैं। धान की फसल की कटाई के एन वक्त मौसम में बदलाव से समस्या बढ़ जाएगी। तेज हवा के झोकों से कुछ स्थानों पर धान की फसल नीचे की ओर झुक गई।
महराजगंज शहर में सुबह करीब 10 बजे तेज धूल भरी आंधी आई। वहीं, शाम करीब पांच बजे बारिश हुई जिससे मौसम का मिजाज बदल गया और नमी महसूस की गई। इसके अलावा फरेंदा क्षेत्र में हल्की बारिश हुई। वहीं, चौक बाजार, मिठौरा, अड्डा बाजार, नौतनवां, ठूठीबारी, घुघली, पनियरा समेत अन्य स्थानों पर तेज आंधी चली। परतावल प्रतिनिधि के अनुसार हल्की बारिश के साथ तेज हवाओं ने मुहम्मदपुर, श्यामदेउरवां, पिपरपाती, पुरैना, अमवा, बसहिया सहित क्षेत्र के कई गांवों में किसानों की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है।
धान की फसल तेज हवाओं से झुक गई है। खेतों में तैयार धान की फसल को जमीन पर गिरा देखकर किसान परेशान हैं। किसान वशिष्ठ नारायण पांडेय, छांगुर चौधरी, संतोष पांडेय, सुरेश पांडेय, राधेश्याम पांडेय, लहरी उपाध्याय, ध्रुव शर्मा, राजेन्द्र सिंह, रामाश्रय गुप्ता, रामप्रवेश आदि ने कहा कि अगर तेज बारिश हो गई तो इस बार फसल चौपट हो जाएगी। कटाई के वक्त तेज हवा के साथ हल्की बारिश से नुकसान हुआ है। जिला कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि अगर तेज बारिश हुई तो फसल प्रभावित होगी।
आने वाले दो तीन दिनों में जिले के लगभग आधे से अधिक स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है। दिन का तापमान नीचे गिर सकता है। सुबह पुरवा हवा एवं शाम को पछुवा हवा चलेगी। हवा की गति 5 से 15 किमी प्रति घंटा रहेगी। वातावरण में नमी 75 से 95 प्रतिशत के बीच रहेगी।
-कैलाश पांडेय, मौसम विशेषज्ञ