आवेदकों की मुश्किलें कम करेगा समावेशन एप
एप पर डाटा फीड होने के बाद पात्रता के आधार पर मिलेगा योजनाओं का लाभ
महराजगंज। विकास विभाग ने लाभार्थी परक योजनाओं में आवेदकों की मुश्किलें कम करने की पहल शुरू कर दी है। इसके लिए अधिकारियों ने एचडीएफसी बैंक से अनुबंध किया है। बैंक ‘समावेशन एप’ तैयार करने में सहयोग करेगा। एप बन जाने के बाद आवेदकों का विवरण उसमें फीड किया जाएगा, ताकि पात्रता के आधार पर उन्हें योजना का लाभ दिया जा सकेगा। साथ ही बार-बार आवेदन करने से छुटकारा मिल जाए।
विकास विभाग की सोच है कि लाभार्थी परक योजनाओं में आवेदन करने वालों का एक मास्टर डाटा तैयार कर लिया जाए। जब आवेदक का डाटा एकत्र हो जाएगा तो उसे विकास विभाग व बैंक की ओर से विकसित एप पर फीड किया जाएगा।
इस व्यवस्था से योजनाओं में पारदर्शिता आएगी तथा लाभ वास्तविक पात्रों को ही मिल पाएगा। गड़बड़ी पर भी रोक लगेगी। मंगलवार को इसके लिए विकास विभाग की ओर से जिला विकास अधिकारी जगदीश त्रिपाठी व एचडीएफसी बैंक के प्रतिनिधि के रूप में अखिलेश पांडेय के बीच अनुुबंध हुआ। अनुबंध के मुताबिक बैंक एप के निर्माण में तकनीकी सहयोग प्रदान करेगा।
सीडीओ गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि ‘समावेशन एप’ बन जाने से आवेदकों की मुश्किलें काफी हद तक कम हो जाएंगी। उनके धन व समय दोनों की बचत होगी। पात्रता के आधार पर सुविधाजनक तरीके से लाभार्थी परक योजना का लाभ मिल सकेगा।
इन विभागों की योजनाओं की जाएंगी शामिल
‘समावेशन एप’ पर आवेदन करने वालों को महिला कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, समाज कल्याण, श्रम एवं कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ मिलेगा।