महराजगंज। जनपद के हर न्याय पंचायत में गोशाला बनाकर बेसहारा पशुओं को संरक्षण दिया गया। 14 हजार से अधिक गोवंश गोशालाओं में रखे गए हैं। इन्हें समय पर हरा चारा, पानी और उपचार की व्यवस्था मिलनी चाहिए। अगर ऐसा नहीं हो रहा तो गोशाला केयर टेकर, सचिव व ब्लॉक के एडीओ पंचायत जिम्मेदार होंगे। गड़बड़ी मिलने पर उनके ऊपर कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को जिला पंचायतराज अधिकारी यावर अब्बास ने 12 ब्लॉकों के बीडीओ संग ऑनलाइन बैठक की। उन्होंने कहा कि बदलते मौसम में पशु तेजी से बीमार पड़ते हैं। इसको देखते हुए पशुपालकों को विशेष सावधानी बरतने के लिए निर्देशित करने की जरूरत है। पशु पालकों को हर तरह की जानकारी मिले जिससे पशुओं को समस्या हो तो वह पशु चिकित्सक से संपर्क करें।
इसी प्रकार गोशाला में भी निराश्रित पशुओं को रखा गया है। वहां भी केयरटेकर को जागरूक करें कि वह समय से किसी पशु में बीमारी देखें तो विजिट करने वाले चिकित्सक को सूचित करें। गोशाला में रहने वाले पशुओं को हरा चारा दिया जाए। चारा उगाने के लिए दो माह पहले ही गोशाला परिसर में प्रबंध करने को कहा गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि कहीं गोशाला में गोवंश को समस्या हुई तो कार्रवाई की जाएगी।