आयुष्मान भारत योजना में शामिल होंगे चार और अस्पताल
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। आयुष्मान भारत योजना के तहत लाभार्थियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिले के चार और अस्पताल सूची में शामिल किए जाएंगे। इससे संबंधित क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए भागदौड़ कम करनी पड़ेगी।
अब तक जिले में सात जगहों पर स्थित राजकीय व निजी अस्पतालों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने के साथ ही 1,37,635 लाभार्थियों की सूची तैयार की गई है। इनमें से 57,225 लोगों को योजना के तहत कार्ड भी उपलब्ध कराए जा चुके हैं। कार्ड उपलब्ध होने से संबंधित लाभार्थी बीमारी का पास के अस्पतालों में सुविधाजनक तरीके से इलाज करा रहे हैं। इस योजना के लाभार्थियों को अभी तक केएमसी डिजिटल हास्पिटल, दयागीत, महराजगंज फ्रैक्चर क्लीनिक, कैसवी, एमएम हास्पीटल जिला अस्पताल व परतावल सीएचसी अस्पताल में इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही थी। इस सुविधा का विस्तार करने के लिए अस्पतालों की सूची में निचलौल सीएचसी, घुघली पीएचसी, बृजमनगंज सीएचसी और फरेंदा सीएचसी को आयुष्मान भारत योजना की सूची में शामिल करने की कवायद शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए पोर्टल पर आवेदन भी कर दिया है। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आईए अंसारी ने कहा कि योजना के तहत चिह्नित अस्पतालों में लाभार्थियों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। जिला मुख्यालय से दूरदराज के क्षेत्र के लाभार्थियों को इन अस्पतालों में इलाज के लिए आने में परेशानी होती है। जिसे ध्यान में रखते हुए चार और सीएचसी व पीएचसी को सूची में शामिल करने की तैयारी है। प्रदेश स्तर से स्वीकृति मिलते ही इन अस्पतालों में भी लाभार्थियों की चिकित्सा सुविधा मिलने लगेगी।