हेल्थ एटीएम लग जाने के बाद 59 प्रकार की जांच का दावा, हकीकत में 12 प्रकार की हो रही जांच
बाहर करानी पड़ती है जांच, लोगों की परेशानी पर अधिकारी गंभीर नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। हेल्थ एटीएम ने त्वरित जांच के दावे फेल हो चुके हैं। कहीं जांच िस्ट्रप नहीं है तो कहीं मशीन में जरूरी जांच यंत्र इंस्टाल नहीं हैं। इस वजह से सभी प्रकार की जांच नहीं हो रही है। जिला अस्पताल में जांच इंस्ट्रूमेंट इंस्टाल नहीं है तो श्यामदेउरा व बागापार हेल्थ एटीएम पर जांच िस्ट्रप नहीं है। ऐसे में 12 से 13 प्रकार की जांच कर दायित्व की इतिश्री कर दी जा रही है। जिले में 25 जगहों पर हेल्थ एटीएम लगाने की योजना बनी थी, लेकिन चार जगहों पर ही लग सकी। वह भी तीन स्थानों पर पूरी जांच नहीं हो रही है। चौक बाजार सीएचसी में जांच की पूरी व्यवस्था है।
जानकारी के अनुसार, हेल्थ एटीएम से जरूरी जांचें नहीं हो पा रही है। हाइट, ईसीजी, डीएमसी, वैट, बीएमआई, बीपी, एसपीओटू, बॉडी टेंपरेचर आदि 12 प्रकार की जांच होती है। इसके अलावा अन्य जांचें नहीं होती हैं। जिला अस्पताल में शुक्रवार को दोपहर में कुछ लोग मशीन से जांच कराते दिखे। वार्ड ब्वाॅय विवेक कुमार ने बताया कि यहां पर हेल्प डेस्क और हेल्थ एटीएम का कार्य देख रहा हूं। जरूरी जांच नहीं होने के कारण लैब लोग जांच कराने के लिए कतार में खड़े रहे। जांच कराने आई संगीता ने बताया कि सुगर की जांच करानी है, लेकिन यहां नहीं हो रही है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बागापार में शुक्रवार को चंद्रावती, कलावती, अमरावती, रेखा, गुड्डी, प्रमिला अपने स्वास्थ्य की जांच कराने आई थीं। सभी केंद्र पर लगे हेल्थ एटीएम में जांच करा रही थीं। फेंफड़े का आक्सीजन लेबल, ब्लड प्रेशर, तापमान, ऊंचाई, रक्तचाप की जांच हुई। सभी को चिकित्सक की सलाह पर दवाएं दी गई। यहां पर बागापार, बेलवाकाजी, विजयपुर, बरगदवाराजा, केवलापुर खुर्द, सलामतगढ़, परासखांड, बड़हरा राजा, कटहरा, बरवाराजा आदि गांव के मरीज आते हैं।
प्रभारी चिकित्साधिकारी आश्रय सिंह ने बताया कि 12 प्रकार की जांच हो रही है। श्यामदेउरवा पीएचसी पर छह माह पहले हेल्थ एटीएम लगी है। अब तक करीब 300 लोगों की जांच हो चुकी है। शुक्रवार को जांच कराने गांव के रामनगीना पहुंचे। उन्होंने बताया कि सुगर की जांच करानी थी, लेकिन सुविधा नहीं रहने के कारण वापस आना पड़ना। इसी तरह से अन्य लोग भी समान्य जांच कराने के बाद घर चले गए।
-
59 प्रकार की जांच करने का दावा
हेल्थ एटीएम लग जाने के बाद 59 प्रकार की जांच करने का दावा किया जाता है। इसमें हीमोग्लोबिन, लिपिड प्रोफाइल, मधुमेह, डेंगू, मलेरिया, टीएलसी, डीएलसी, ऑक्सीजन स्तर, ईसीजी, रक्तचाप, डिहाईड्रेशन, मोटापा, ब्लड शुगर, कोलस्ट्रोल आदि जांच होना चाहिए। साथ ही वजन, लंबाई और बीएमआई की भी जांच होती है।
आठ माह में 818 लोगों ने जांच कराई
जिला अस्पताल में लगी हेल्थ एटीएम से 12 जांच हो रही है। आठ माह में 818 लोगों ने हेल्थ एटीएम ने जांच कराई है। फरवरी में 62, मार्च में 86, अप्रैल में 62, मई में 102, जून में 106, जुलाई में 94, अगस्त में 149, सितंबर 157 लोगों ने की जांच हुई है।
-
हेल्थ एटीएम दिखावा बनकर रह गया है। जरूरी जांच करानी है तो बाहर के लैब का सहारा लेना पड़ता है। अगर हेल्थ एटीएम से बेहतर सुविधा मिलती तो पल भर में जरूरी जांच हो जाती। अधिकारी समस्या पर गंभीर नहीं हैं।
विद्यासागर यादव, बागापार
-
अस्पताल के लैब में जांच रिपोर्ट लेने में घंटों गुजर जाता है। हेल्थ एटीएम से पूरी जांचे होती तो समस्या नहीं होती। समय की बचत होती। समस्याएं भी नहीं होती।
संजय कुमार, शास्त्री नगर
सुगर जांच करानी पड़ती है, लेकिन हेल्थ एटीएम में जांच की सुविधा पूरी नहीं होने से निजी लैब में जांच करानी पड़ती है। समस्या के प्रति अधिकारी गंभीर नहीं हैं।
देवेंद्र कुमार, श्यामदेउरवा
-
जिला अस्पताल के हेल्थ एटीएम में जांच स्ट्रूमेंट इंस्टाल नहीं हुआ है। इस वजह से पूरी जांच नहीं हो रही है। हेल्थ एटीएम लगाने वाली एजेंसी को पत्र भेजा गया है। जल्दी ही समस्या का समाधान हो जाएगा।
डॉ. अर्जुन प्रसाद भार्गव, सीएमएस
-
जिले में 25 स्थानों पर हेल्थ एटीएम लगाई जानी है। इसमें चौक बाजार सीएचसी, जिला अस्पताल, बागापार पीएचसी व श्यामदेउरवा पीएचसी पर हेल्थ एटीएम लगी है। चौक बाजार में पूरी जांच होती है। बागापार व श्यामदेउरवा के लिए जांच िस्ट्रप की मांग की गई है। आने पर समस्या दूर हो जाएगी।
डॉ. नीना वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी