राशन तौल में घटतौली, कोटेदार से स्पष्टीकरण के निर्देश
निचलौल (महराजगंज )। क्षेत्र के देउरवां गांव के कोटेदार पर घटतौली एवं अधिक मूल्य की शिकायत ग्राम प्रधान ने बीते दिनों एसडीएम निचलौल से की। राशन तौल में घटतौली सामने आने पर कोटेदार से एसडीएम ने स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया।
ग्राम प्रधान की शिकायत पर गंभीर रुख अख्तियार करते हुए बृहस्पतिवार को एसडीएम प्रमोद कुमार ने कोटेदार के यहां पहुंचे और मामले क ो लेकर जांच की गई तो घटतौली की बात सामने आई जिसपर एसडीएम ने कोटेदार को तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया।
एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि जांच के दौरान कोटेदार रामबेलास द्वारा इलेक्ट्रॉनिक कांटे में छेड़छाड़ कर घटतौली करना पाया गया। तौल में 10 किलो पर 440 ग्राम राशन कम मिला। साथ ही प्रति कार्डधारक को दो किलो राशन कम वितरण किया जा रहा था। कार्डधारक दिनेश, राजू, कमलावती देवी, सोनारी देवी, राजमती देवी, कुलदीप आदि ने मौके पर अवगत कराया कि झोला नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि अगर स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं मिला तो सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान को निरस्त करने के साथ ही कोटेदार के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।