महराजगंज। विकास खंड पनियरा क्षेत्र के सनातन धर्म इंटर काॅलेज माधोनगर में शनिवार को स्कूल की बिल्डिंग के बगल से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आने से कक्षा छह की छात्रा झुलस गई। उसे एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा लाया गया। जहां से डाॅक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रामवृक्ष यादव ने बताया कि स्कूल के सभी छात्र दोपहर में 12 बजे मैदान में खेल रहे थे। 14 वर्षीय काजल और तीन अन्य छात्राएं स्कूल की बिल्डिंग के दूसरे तल पर मौजूद थीं।
तभी स्कूल की बिल्डिंग से चार फुट की दूरी से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट की लाइन से स्पर्श होते ही काजल झुलस गई। हादसे के बाद काजल की मां सरिता का रो-रोकर बुरा हाल है। छात्रा काजल के पिता रामा पासवान की मौत बीमारी से दो साल पहले हो चुकी है। छह साल का एक छोटा भाई रोहन व चार साल की बहन आरूषी है।