महराजगंज। रात में छिटपुट बारिश और दिन में चिलचिलाती धूप के साथ उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। पूरे दिन लोग धूप और गर्मी से बचने का प्रयास करते दिखे। लोगों को कूलर व पंखा से भी राहत नहीं मिल सका, क्योंकि पूरे दिन बिजली कटौती होती रही। हालांकि दिन में मौसम का तापमान अधिकतम 35 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहा। इस तापमान में लोगों को 46 डिग्री सेल्सियस की गर्मी का अहसास हुआ। चिकित्सक के मुताबिक मौसम में उतार-चढ़ाव कई रोगों का कारण बन सकता है। ऐसे समय में सतर्क रहने की जरूरत है।
इन दिनों मौसम में उतार चढ़ाव की स्थिति बनी है। दिन में तेज धूप और उमस से लोग परेशान नजर आ रहे हैं। पूरे दिन बिजली आती-जाती रही। कुछ घरों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के इन्वर्टर जवाब देने के बाद पंखा और कूलर बंद हो गए। जवाहर लाल नेहरू पीजी कालेज के भूगोल विभागाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में मौसम खराब होने की आशंका है।