धानी बाजार। शनिवार देर रात बृजमनगंज क्षेत्र के धानी बाजार में वन विभाग फरेंदा की टीम ने एक कार पर लदा पांच बोटा साखू बरामद किया। अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग फरेंदा की टीम को मुखबिर से सूचना मिली की एक कार में अवैध तरीके से साखू की लकड़ी फरेंदा से धानी की तरफ जा रही है। सूचना पर वन विभाग की एक टीम ने पीछा करते हुए धानी बाजार स्थित पुलिस चौकी मोड़ पर लकड़ी से भरी कार को पकड़ लिया। कार में बैठे चालक सहित अन्य लोग अंधेरे का फायदा उठाकर गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए।
तलाशी में कार से पांच बोटा साखू की लकड़ी बरामद हुई। वन विभाग की टीम ने लकड़ी सहित गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया। सूत्रों की माने तो धानी बाजार में वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही लकड़ी तस्कर गाड़ी छोड़कर फरार हो गए थे। डिप्टी रेंजर अरुण कुमार का कहना है कि टीम ने लकड़ी तस्करों का पीछा करते हुए हुए धानी बाजार में गाड़ी को पकड़ लिया, लेकिन लकड़ी तस्कर भागने में सफल रहे। वन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए लकड़ी सहित गाड़ी को जब्त कर लिया गया है। संवाद