पीजी कालेज में पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर कतार में खड़े अभ्यर्थी।
महराजगंज। उत्तर प्रदेश पुलिस की सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा शनिवार को जिले के छह केंद्रों पर शुरू हो गई। परीक्षा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही केंद्रों पर प्रवेश दिया गया। हाथों में बंधा कलावा, घड़ी और राखियां उतरवा दी गईं। दोनों पालियाें की परीक्षा शांति पूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने पुलिस आरक्षी प्रवेश परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। प्रथम पाली में 3144 परीक्षार्थियों के सापेक्ष कुल 1634 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 1510 अनुपस्थित रहे। जबकि द्वितीय पाली में 1709 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 1435 अनुपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने जवाहर लाल नेहरू पीजी कॉलेज, जीएसवीएस इंटर कॉलेज, महामाया आईटी पॉलिटेक्निक और डॉ. बीआर आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच की।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम, परीक्षा कक्षों आदि का निरीक्षण किया। परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र की जांच की, साथ ही बायोमेट्रिक स्कैनर पर कुछ परीक्षार्थियों की पहचान भी सुनिश्चित की। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी प्रवेश पत्रों पर होलोग्राम अवश्य चिपकाएं और अगर किसी के प्रवेश पत्र में कोई समस्या है तो शपथ पत्र जरूर लें।
पहले दिन डॉ. भीमराव आंबेडकर पर परीक्षार्थी द्वारा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने के प्रयास के दृष्टिगत सभी परीक्षार्थियों की सघन जांच की गई। उनकी पहचान का सत्यापन प्रमाणिक ढंग से करने और किसी प्रकार के अवैध साधन का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है। सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।
-सोमेंद्र मीणा, पुलिस अधीक्षक