गेहूं की ब्रिकी के लिए पंजीकरण कराएं किसान
महराजगंज। जिले में 15 जून तक गेहूं की खरीद होनी है। ऐसे में सुविधाजनक तरीके से अपनी गेहूं की फसल को बेचने के लिए किसान अविलंब अपना पंजीकरण कराएं। बिना पंजीकरण के वे सरकारी केंद्र पर गेहूं को नहीं बेच सकेंगे।
ये बातें क्षेत्रीय विपणन अधिकारी प्रदीप तिवारी ने मंगलवार को मिठौरा में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में किसानों को जागरुक करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पंजीकरण के उपरांत किसान स्वयं अथवा परिवार के शिक्षित सदस्यों के मोबाइल में किसान एप डाउनलोड कर पंजीकरण व सत्यापन की स्थिति भी जांच लें। किसानों को पब्लिक फाइनेंस मैनेजमेंट सिस्टम (पीएफएमएस) से भुगतान होना है। ऐसे में किसान अपने बैंक खाते को भी आधार से लिंक करा लें। उन्होंने कहा कि शासन व प्रशासन जिले में अधिक से अधिक खरीद कराना चाहता है, यह तभी संभव है जब किसान पूरी तत्परता से अपने उपज की तौल प्रशासन की तरफ से निर्धारित किए गए क्रय केंद्रों पर कराएंगे। विपणन निरीक्षक कमलेश कुमार ने कहा कि बिचौलिए से बचते हुए किसान केंद्रों पर बिक्री करना सुनिश्चित करें। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
क्रय केंद्रों पर दुरुस्त मिली व्यवस्था
क्षेत्रीय विपणन अधिकारी प्रदीप तिवारी ने मंगलवार को खाद्य विभाग के क्रय केंद्र मिठौरा व निचलौल का निरीक्षण किया। निरीक्षण में केंद्रों पर मानक के मुताबिक व्यवस्था ठीक मिली। केंद्रों पर अभी किसी किसान ने तौल नहीं कराई है। केंद्र प्रभारियों ने गुणवत्तापूर्ण तरीके से तौल किए जाने का निर्देश दिया गया है। इस दौरान मिठौरा के विपणन निरीक्षक कमलेश कुमार व निचलौल के विपणन निरीक्षक पंकज कुमार सिंह मौजूद रहे।