महराजगंज। श्यामदेउरवा क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल महंथ अवेद्यनाथ नगर वार्ड में रोड रोलर की चपेट में आने से उसके चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को सुबह घुघली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बारिगांव टोला पकड़ियहवा निवासी तुफानी सिंह (65) रोड रोलर लेकर परतावल से पिपराइच की तरफ जा रहे थे। अभी वह महंथ अवेद्यनाथ नगर के पास पहुंचे थे कि नहर पुलिया से अचानक रोड रोलर पीछे की तरफ जाने लगा। रोलर अनियंत्रित होता देख चालक तुफानी ने कूदकर जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह रोड रोलर के नीचे दब गए, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी से रोड रोलर को हटाकर शव को बाहर निकलवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की जानकारी जानकारी होने पर क्षेत्रीय विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और यथा संभव सरकारी अनुदान दिलाने का आश्वासन दिया। मृतक तुफानी सिंह लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी थे। पांच वर्ष पहले वह सेवामुक्त हो गए थे। सेवामुक्त होने के बाद वह रोड रोलर चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। तुफानी का एक बेटा तथा पांच बेटियां हैं। सबकी शादी हो चुकी है। बेटा प्रमोद सिंह व पत्नी ज्ञानती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के अनुसार केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।