बागापार। चौक थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी चार बच्चों की मां प्रेमी संग रहने की जिद पर अड़ गई। उसने जगपुर ताल स्थित पकड़ी रेंज के जंगल में खुदकुशी करने की कोशिश की। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची चौक थाने की पुलिस ने उसे किसी तरह से बचाया। पुलिस एक युवक और उसके रिश्तेदार को पूछताछ के लिए थाने पर लाई है।
पुलिस की पूछताछ में महिला ने बताया कि वह घुघली थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी है। उसके चार बच्चे हैं। पति परदेश में रहता है। महिला फुर्सतपुर बाजार में स्थित एक झोलाछाप के पास दवा कराने आती थी। इसी दौरान महिला का युवक से प्रेम हो गया।
आरोप है कि युवक उसके साथ तीन साल से शारीरिक संबंध बना रहा था। निचलौल कस्बे एवं महराजगंज में किराए के मकान में महिला एवं बच्चों के साथ रहता था। बाद में वह महिला से किनारा कर लिया। प्यार में धोखा खाई महिला एसपी कार्यालय पहुंची और कार्रवाई की मांग की। एसपी के निर्देश के बाद भी पुलिस ने इस मामले में चुप्पी साध ली। महिला ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह अपने प्रेमी से मिलने फुर्सतपुर बाजार गई थी।
प्रेमिका को घर पर देख प्रेमी भड़क गया और पिटाई कर दी। इसके बाद वह पकड़ी रेंज के जंगल में पहुंच गई और खुदकुशी करने की कोशिश की। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।