चोरी के आरोपियों की पिटाई का वीडियो वायरल
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के धानी कस्बे में मानवता को तार-तार कर देने वाला वीडियो वायरल हुआ है। चोरी के आरोपी युवकों की बेरहमी से पिटाई का यह वीडियो चार दिन पहले का बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने चोरी के आरोपी युवकों को जेल भेज दिया है।
इन दिनों यह वीडियो सोशल मिडिया में चर्चा का विषय बना हुआ है। चोरी के आरोप में युवक की बेरहमी से पिटाई करने वालों का हृदय नहीं पिघला। करीब दो मिनट के वीडियो में युवक दया की भीख मांगता रहा लेकिन उसकी किसी ने एक न सुनी। कुछ लोग वीडियो बनाते रहे तो अन्य बेरहमी से पिटते रहे। वह युवक चिल्लाता रहा और लोगों से छोड़ने की गुहार लगाता रहा। पिटाई से लोगों का मन नहीं भरा तो उसे कपडे़ उतरवा कर पीटा गया। भीड़ में शामिल लोगों ने युवक की पिटाई करने के साथ ही अपशब्दों का प्रयोग भी किया। आरोप था कि आरोपियों ने महिला का मंगलसूत्र छीना था, जिसके बाद गुस्साई भीड़ ने युवकों की जमकर पिटाई कर दी। उसके बाद उन्हें पुलिस को सौंप दिया। युवकों के पास से चेन भी बरामद होने की बात कही जा रही है। महिला के शोर मचाने पर गुस्साई भीड़ दोनो आरोपियों पर टूट पड़ी।अपर पुलिस अधीक्षक आशुतोष शुक्ल का कहना है कि चोरी के आरोपी युवक आशीष एवं सागर निवासी धानी गांव के पास से मंगलसूत्र बरामद कर चोरी की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। गांव के लोगों द्वारा युवकों को पीटे जाने की बात चर्चा में आई है। आरोप है कि दोनो युवक बीते 13 जून को धानी कस्बे में पंचम की पत्नी का मंगलसूत्र लेकर भाग रहे थे।