अड्डा बाजार। चंडीथान गांव के सामने गोरखपुर-सोनौली नेशनल हाईवे पर शनिवार की सुबह लगभग पौने सात बजे किनारे खड़ी इंडेन गैस टैंकर से ट्रक ओवरटेक कर रही डीसीएम टकरा गई। जिसमें डीसीएम चालक का दाहिना पैर कटकर अलग हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस चालक को लक्ष्मीपुर सीएचसी ले गई जहां पर डाक्टरों ने प्राथमिक इलाज कर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
संपतिहा चौकी के दरोगा अशोक यादव ने बताया कि गैस खाली कर इंडेन गैस टैंकर सोनौली की ओर से लौट रहा था। चालक टैंकर खड़ी कर फ्रेश होने लगा। इसी बीच गोरखपुर से नौतनवां की ओर जा रही सामान लदी डीसीएम एक ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर में खड़े टैंकर में टकरा गई। इसमें गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र के गांव सोनराई निवासी डीसीएम चालक 30 वर्षीय वीरेंद्र यादव का दाहिना पैर कटकर अलग हो गया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसके परिजनों को फोन से सूचना दी और कटे पैर के के साथ घायल ड्राइवर को लक्ष्मीपुर सीएचसी ले गई। उनका प्राथमिक इलाज चल रहा था। इसी बीच चालक के बड़े भाई इंदल पहुंच गए। सीएचसी डाक्टर ने हालत गंभीर देखकर ड्राइवर वीरेंद्र यादव को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस संबंध में दरोगा अशोक यादव ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है।