सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी में शराब के नशे में धुत फार्मासिस्ट ने चिकित्सक को पीट दिया। चिकित्सक को पीटता देख अस्पताल के कर्मचारियों ने फार्मासिस्ट को पीट कर कमरे में बंद कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना से अस्पताल में अफरा तफरी मच गई।
फरेंदा क्षेत्र के न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लोक विद्या पीठ नगर में फार्मासिस्ट के पद पर तैनात सुशील कुमार मिश्रा बुधवार को दिन में 1.50 बजे पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी पहुंचा। अस्पताल पर मरीज को देख रहे डॉ शंकर प्रसाद वर्मा से मामूली सी बात पर गाली गुप्ता देते हुए डॉक्टर को मारने लगा। डॉक्टर के चिल्लाने पर अस्पताल में मौजूद फार्मासिस्ट प्रमोद पांडेय, देश दीपक त्रिपाठी, गजेंद्र उपाध्याय दौड़ कर पहुंचे जो काफी बीच बचाव करने पर भी नहीं मान रहे फार्मासिस्ट से हाथापाई करते हुए कमरे में बंद कर दिया। नशे में धुत फार्मासिस्ट ने खूब उत्पात मचाया। उसने कमरे का शीशा, कुर्सी को तोड़ते हुए डॉक्टर को जान से मारने की धमकी भी दिया। अस्पताल के कर्मचारियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंच कर दोषी फार्मासिस्ट को थाने लाया गया। जबकि फार्मासिस्ट सुशील कुमार मिश्रा का कहना है कि डॉक्टर का आरोप गलत है। उन्होंने पहले मेरे ऊपर गलत शब्दों का प्रयोग किया तब जाकर मार-पीट हुई। मुख्य फार्मासिस्ट प्रमोद पांडेय ने कहा कि नशे में धुत फार्मासिस्ट इसके पहले भी डॉक्टर के ऊपर हमला कर चुका है। अगर इसके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो सभी अस्पताल कर्मी कार्य का बहिष्कार करेंगे। डॉक्टर एसपी वर्मा ने फरेंदा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।