कंबाइन से दबने से मां-बेटे की माैत।
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। नटवा में रविवार की शाम कंबाइन से दबकर मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के समय दोनों गेहूं बोरे में रख रहे थे। चालक उन्हें देखा नहीं। पीछे करते समय पहिए के नीचे दबने से उनकी मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस को शव को पीएम ले जाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के नटवा में रविवार को कोटा मुकुंदरपुर निवासी सुकुरल्ला अपनी कंबाइन मशीन लेकर आए थे। गांव के कई लोगों की फसल काटनी थी।
शाम करीब पांच बजे कंबाइन गांव की सुहिस्ता खातून के खेत में गया। गेहूं काटने के बाद सुहिस्ता अपने दो साल के बेटे समीर के साथ बोरे में गेहूं भर रही थीं। तभी कंबाइन का चालक उन्हें देखा नहीं और कंबाइन पीछे करना लगा। इस दौरान दोनों कंबाइन के पहिए के नीचे आ गए।
समीर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। जबकि सुहिस्ता को आनन-फानन में इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था कि रास्ते में उनकी भी मौत हो गई। इस बीच किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मां बेटा के शव को पीएम के लिए कब्जे में ले लिया।
इस दौरान भारी संख्या में गांव वाले पहुंच गए और पीएम कराने का विरोध करने लगे। बाद में कुछ लोगों व पुलिस के बताने के बाद कि एक्सीडेंट का मामला है, पोस्टमार्टम कराना पड़ेगा। तब जाकर लोग माने।
उसके बाद शव को पीएम के लिए भेजा गया। मां बेटे की मौत के बाद घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।इंस्पेक्टर टीपी श्रीवास्तव का कहना है कि घटना में मां बेटे की मौत हुई है। कंबाइन को कब्जे में ले लिया गया है। घर वालों के तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।