खुर्रमपुर बीट में छापेमारी के दौरान कार में लदी लकड़ी बरामद।
- फोटो : अमर उजाला
फरेंदा। खुर्रमपुर बीट में सोमवार की रात छापेमारी में नौ बोटा साखू की लकड़ी बरामदगी के में मामले में मंगलवार को पकड़े गए पांच तस्करों में एक अभियुक्त वन कर्मियों के चंगुल से फरार हो गया। मेडिकल जांच के दौरान सीएचसी से भागे अभियुक्त की तलाश में वन कर्मी लगाए गए हैं।
फरेंदा रेंज के अंतर्गत खुर्रमपुर बीट में सोमवार की रात में करीब 11 बजे मुखबिर की सूचना पर छापेमारी की गई। मौके पर एक कार, दो साइकिल के साथ नौ बोटा साखू की लकड़ी व चार चिरान की लकड़ी और लकड़ी काटने के हथियार बरामद किए गए। वन विभाग की टीम को देखते ही सभी तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए थे। लेकिन उनकी पहचान हो गई थी।
पहचान के आधार पर वन विभाग की टीम ने छापेमारी कर पांच अभियुक्तों को पकड़ लिया। एक आरोपी अभी भी फरार है। पकडे़ गए आरोपियों को वन रेंज लाया गया। उनकी पहचान सुजीत निवासी बृजमनगंज के बंजरहा सोनबरसा टोला श्रीरामपुर, रामवेलास, रामकिशुन, राजेश, मुराली निवासी बृजमनगंज के महुलानी नंदनगर के रूप में हुई। अरविंद यादव अभी फरार है।
वनक्षेत्राधिकारी विनोद नायक ने बताया कि पकडे़ गए सभी अभियुक्तों के खिलाफ वन अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई। सभी अभियुक्तों को मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरेंदा ले जाया गया। जहां से सुजीत ने वन विभाग के कर्मियों को झांसा देकर फरार हो गया है। उसको भी शीघ्र दबोच लिया जाएगा।