अड्डा बाजार। चड़लहा गांव में बीती रात डीएफओ मनीष कुमार सिंह के नेतृत्व में लक्ष्मीपुर वनक्षेत्राधिकारी सरजू प्रसाद ने हमराहियों के साथ छापेमारी कर पाथर उर्फ पाचू के घर से साखू के 31 पीस चिरान बरामद किया। महिलाओं और बच्चों के विरोध के नाते टीम को देर रात तक मशक्कत करनी पड़ी। एसपी से बात कर नौतनवां थाने की पुलिस बुलानी पड़ी।
बताया जाता है कि किसी शख्स ने डीएफओ मनीष कुमार सिंह को सूचना दी कि चड़लहां गांव में पाथर उर्फ पांचू के यहां काफी मात्रा में अवैध लकड़ी रखी गई है। प्रभागीय वनाधिकारी और लक्ष्मीपुर रेजर सरजू प्रसाद टीम के साथ चड़लहा आरोपी के घर पहुंच गए। वन कर्मियों के आने की भनक से आरोपी फरार हो गया। महिलाओं और बच्चों के विरोध के नाते वनकर्मी घर में नहीं घुस पा रहे थे। आखिरकार, डीएफओ को एसपी से फोर्स मांगनी पड़ी। चौकी इंचार्ज शिवशंकर पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों की मौजूदगी में वनकर्मी कमरे में घुसे और 31 पीस चिरान बरामद कर कब्जे में ले लिया। वनक्षेत्राधिकारी सरजू प्रसाद ने बताया कि आरोपी पाथर उर्फ पांचू के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।
बांकी रेंज पनियरा के अंतर्गत ग्राम सभा गोनहां निवासी भगवंत सिंह के बागीचे से बुधवार को देर शाम को चार वोटा साखू की लकड़ी भेलमपुर वीट (टिकरिया)से फारेस्टर अमित कुमार तिवारी ने बरामद कर लकड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है। रेंजर बृजेश कुमार ने बताया कि चार वोटा बरामद हुआ है । पता किया जा रहा है कि कौन लकड़ी काटकर लाया है जैसे ही पता चलेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।