नेपाल पुलिस के रडार पर नशे के भारतीय सौदागर
- पकड़े गए तस्करों से पूछताछ के आधार पर नेपाल पुलिस ने तैयार की सूची
- लिस्ट में सोनौली के 15 ड्रग तस्करों और नौ मेडिकल स्टोरों के नाम शामिल
-
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज/नौतनवां। हाल के दिनों में तस्करों से पूछताछ के आधार पर नेपाल पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों में नशे का धंधा करने वालों की सूची तैयार की है। इसमें सोनौली के नशे के 15 धंधेबाजों के नाम हैं। सूची में सोनौली के नौ मेडिकल स्टोरों का नाम भी शामिल है।
नेपाल के रूपनदेही जिला के एसपी श्यामलाल ज्ञवाली ने बताया कि सोनौली नेपाल में नशीले पदार्थों की आपूर्ति का प्रमुख केंद्र बन गया है। उन्होंने कहा कि नशे के भारतीय धंधेबाजों की सूची तैयार कर ली गई है। इसे भारतीय प्रशासन को सौंपा जाएगा। उन्होंने बताया कि सूची बेलहिया, भैरहवा, बुटवल में नशीले पदार्थ के साथ पकड़े गए 240 लोगों से पूछताछ के आधार पर तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि सोनौली कोतवाली क्षेत्र के फरेंदी तिवारी के दो, कैलाश नगर के तीन, गजर जोतिया के दो और महुअवा, धौरहरा, सोनौली व कुंसेरवा के एक-एक व्यक्ति नेपाल में नशीले पदार्थ की आपूर्ति करते हैं। एसपी ने बताया कि नशीले पदार्थों के साथ पकड़े गए लोगों के अनुसार सोनौली के नौ मेडिकल स्टोर भी नेपाल में प्रतिबंधित दवा की आपूर्ति करते हैं।
----
बाराबंकी से आती है हेरोइन की खेप
- रूपनदेही के एसपी ने बताया कि सोनौली में आने वाली हेरोइन की खेप उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से आती है। उन्होंने बताया कि हेरोइन की आपूर्ति करने वालों के तार लखनऊ, गोरखपुर तथा महराजगंज के नौतनवां से जुड़े हैं।
-----------
कोट---
- नेपाल पुलिस द्वारा तैयार नशे के धंधेबाजों की सूची अभी तक नहीं मिली है। अगर सूची मिलती है तो नेपाल पुलिस से वार्ता कर सूची के आधार पर मामले की जांच की जाएगी।
- आशुतोष शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक, महराजगंज