परसा मलिक। नेपाल भारत सरहद से चाइनीज सेब व सुपारी की तस्करी चरम पर है। शनिवार की रात दो स्थानों से 303 पेटी चाइनीज सेब बरामद किए गए। ठूठीबारी कोतवाली के राजाबारी का टोला नौड़िहवा से एसएसबी बीओपी ठूठीबारी ने तस्करी के जरिए ट्रैक्टर-ट्राली पर लदी 130 पेटी चाइनीज सेब बरामद किया।
शितलापुर एसएसबी के जवानों ने लक्ष्मीपुर खुर्द नो मेंस लैंड की ओर पिकअप आती दिखाई दी। जवानों ने रोक कर तलाशी ली तो उसमें 173 पेटी चाइनीज सेब मिले। जवानों ने उसे निचलौल कस्टम को सुपुर्द कर दिया। कुछ दिन पहले बैलगाड़ी लदे सुपाड़ी को भी एसएसबी ने भारतीय सीमा में पकड़ कस्टम को सौंपा था।
बताते चलें कि कुछ माह पहले भी एसएसबी के बरगदवा पुलिस ने चकरार व अशोगवा के रास्ते नेपाल से लाए गए सेब पिकअप सहित पकड़ा था। इस बरामदगी में दो तस्कर भी पकड़े गए थे। सामान व वाहन सहित पकड़े गए तस्कर भी चालन भेजे गए थे। लेकिन कम लागत में अधिक मुनाफा कमाने की लत सेब तस्करी को बढ़ावा दे रहा है।
इन दिनों चर्चाओं का बाजार गर्म है कि ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के राजाबारी और लक्ष्मीपुर खुर्द तस्करों के लिए सेफ जोन बना हुआ है। यहां से हर रोज अवैध तस्करी का सामान पार किया जा रहा है। इस संबंध में सहायक कस्टम आयुक्त नौतनवां मधुकर आनंद ने बताया कि तस्करी पर अंकुश लगाया जा रहा है। बरामदगी जारी है किसी भी सूरत में तस्करी नहीं होने दी जाएगी।