मॉर्निंग वॉक के दौरान हो रही लूट की वारदातों को रोकने के लिए कविनगर पुलिस ने एक प्लान तैयार किया है, ताकि लोग बेफिक्र होकर सुबह की सैर कर सकें। इसके लिए पुलिस ने 16 संवेदनशील प्वाइंट चिन्हित किए हैं, जिन पर पुलिस को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के जवान भी रोड पर नजर आएंगे।
साथ ही चौकी इंचार्ज प्राइवेट कार में गश्त नहीं कर सकेंगे, उन्हें पुलिस व्हीकल में ही गश्त करना पड़ेगा।सीओ सेकेंड मनीष मिश्र ने कविनगर एसएचओ हेमंत राय के साथ इन प्वाइंट्स का मुआयना किया और पुरानी वारदातों के मद्देनजर संवेदनशील प्वाइंट चिन्हित किए हैं। मतगणना के बाद इन स्थानों पर गश्त बढ़ाई जाएगी।
इनमें अधिकतर प्वाइंट कविनगर, राजनगर और शास्त्रीनगर आदि पॉश कॉलोनियों के हैं। इन स्थानों पर पुलिस की पैनी नजर होगी। इन प्वाइंट्स पर एसओजी की टीम सादे कपड़ों में तैनात रहेगी। इसके अलावा इन स्थानों पर आसपास सिपाही व होमगार्ड की तैनाती होगी। पुलिसकर्मियों में 60 फीसदी पुलिस यूनिफार्म में और 40 प्रतिशत सादे कपड़ों में होंगे।
सीओ ने बताया कि पिछले कुछ माह से पॉश कालोनियों में बाइकर्स लगातार लूट और झपटमारी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। खासतौर पर कविनगर इलाके में सुबह के समय इस तरह की ज्यादा घटनाएं हो रही हैं। लिहाजा वारदातें रोकने के लिए पुलिस ने संवेदनशील स्थान चिन्हित कर उन पर पुलिस बल तैनात करने का प्लान तैयार किया है।
कविनगर थाना क्षेत्र में पड़ने वाले संवेदनशील 16 प्वाइंट्स पर थाना स्तर पर ड्यूटी चार्ट बनाया जा रहा है। शास्त्रीनगर चौराहा, आरडीसी मोड़, डायमंड फ्लाईओवर, विवेकानंद नगर कट, गोल चक्कर चौराहा, नासिरपुर फाटक कट, होटल एप्पल ट्री फ्लाईओवर के नीचे, रेलवे रोड डीपीएस कट, वीर बाबा मंदिर के पास, केंद्रीय विद्यालय कट,
महरौली फाटक कट साईं मंदिर, अवंतिका कट हापुड़ रोड, रामलीला कविनगर गेट नंबर एक, ई ब्लॉक चौराहा गोविंदपुरम, सेक्टर-10 चौराहा राजनगर, एएलटी के पास।
हालिया वारदात
- चार मार्च- कविनगर सी ब्लॉक में तमंचे के बल पर पैथोलॉजिस्ट से हीरे की अंगूठी लूटी
- चार मार्च- एनएच-24 पर विजयनगर में बाइकर्स ने छात्र से मोबाइल झपटा
- 27 फरवरी- जीटी रोड फ्लाईओवर पर लेक्चरर से लूट की कोशिश
- 20 फरवरी- राजनगर एक्सटेंशन रोड पर दुकान संचालक से 50 हजार की लूट