पुरंदरपुर। शुक्रवार की देर शाम किसी काम से बगीचे की तरफ बाहर निकली दलित किशोरी के साथ दूसरे समुदाय के युवक ने सुनसान स्थान पर दुष्कर्म किया। किशोरी के चाचा ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए महिला पुलिस को सौंप दिया गया।
थाना क्षेत्र के एक गांव की 17 वर्षीय किशोरी शुक्रवार की शाम को गांव के बगीचे में गई थी। बगल में पोखरा है। उसी दौरान दूसरे समुदाय के युवक ने उसके साथ दुराचार किया। काफी विलंब होने पर जब किशोरी घर वापस नहीं आई तो उसकी मां उसे खोजते हुए पोखरे की तरफ गई। युवक की हरकतें देख किशोरी की मां ने शोर मचाया। शोर सुनकर गांव के तमाम लोग आ गए। इस बीच मौका देख युवक भाग निकला। इस घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस किशोरी से पूछताछ की। किशोरी के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक के खिलाफ रेप सहित पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एएसपी आशुतोष शुक्ल ने भी रात में ही मौके पर पहुंच गए थे। इस संबंध में थाना प्रभारी परमात्मा यादव का कहना है की आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।