रास्ते पर कब्जा करने की शिकायत
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। शुक्रवार को निचलौल ब्लाॅक के बूढ़ाडीह कला गांव के लोगों ने ग्राम प्रधान की अगुआई में डीएम से मिलकर गांव के एक व्यक्ति के खिलाफ गांव में बने खड़ंजा मार्ग को तोड़कर अपनी जमीन में मिलाने का आरोप लगाया। लोगों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर शिकायत की जांच कराने तथा आरोपी के खिलाफ की मांग की।
डीएम से शिकायत करने पहुंचे लोगों ने डीएम से खड़ंजा की जमीन पर हुए कब्जे को हटाने की मांग की। ग्राम प्रधान राजेश प्रजापति ने आरोप लगाया कि जिस रास्ते की जमीन पर कब्जा किया गया है, उसी पर खड़ंजा बनाने की कार्ययोजना प्रस्तावित की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी व्यकि्त उस जमीन को अपना बताते हुए खड़ंजा कार्य में अवरोध पैदा कर रहा है।
प्रधान का यह भी कहना था कि गांव के लोगों के लिए सड़क का निर्माण जरूरी है। उन्होंने आरोपी पर सड़क की जमीन पर कब्जा कर रास्ते को बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने डीएम को दिए गए ज्ञापन में आवागमन सुचारु करने के लिए रास्ते की जमीन से कब्जा हटवाकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि बंजर की जमीन पर आने जाने के लिए कच्चा रास्ता है। इसी जमीन के कुछ हिस्से पर अतिक्रमण कर लिया गया है। उस कच्चे रास्ते पर अब खड़ंजा कार्य कराने की कोशिश की जा रही है तो कब्जा करने का आरोपी मारपीट पर उतारू हो जाता है। जबकि खड़ंजा मार्ग बन जाने से गांव के लोगों आवागमन में सुविधा होती। इस मौके पर पंकज मिश्रा, राधेश्याम, भोला गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, प्रभु नाथ, उमाशंकर, गजाधर, बुद्ध, जितेंद्र आदि मौजूद रहे।