विकास भवन सभागार में बैठक को संबोधित करते सीडीओ गौरव सिंह सोगरवाल।संवाद
- फोटो : MAHARAJGANJ
मानक व गुुणवत्तापूर्ण तरीके से कराएं विकास कार्य
- विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में सीडीओ ने दिया निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को मानक व गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाए। सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। शिथिलता पाए जाने पर संबंधितों की जवाबदेही तय की जाएगी।
यह बातें मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कही। वह सोमवार को विकास भवन सभागार में आयोजित नौतनवां व निचलौल ब्लॉक के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समूह से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने को लेकर कार्ययोजना तैयार करते हुए महिलाओं को कृषक उत्पादन संगठन से जोड़ते हुए वर्मी कंपोस्ट व डेयरी से जोड़ने की पहल की जाए। उन्होंने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत सभी निर्माण कार्यों को तीव्र गति से पूरा कराने को कहा। पंचायत भवन व सामुदायिक शौचालय का निर्माण भी अतिशीघ्र पूरा करा लिया जाए। मनरेगा योजना के तहत अधिक से अधिक मानव दिवस सृजित किया जाए। समूह की महिलाएं ऐसे स्वरोजगार से जुड़ने का कार्य करें, जिससे कि उनका व उनके परिवार का अपेक्षित विकास हो सके। सामुदायिक शौचालयों व उचित दर के दुकानों के संचालन में वे अहम भूमिका निभा रही हैं। अन्य कार्यों से भी वे अपने आजीविका के माध्यम को मजबूत बनाने का कार्य करें। इस दौरान जिला विकास अधिकारी जगदीश त्रिपाठी, परियोजना निदेशक राजकरन पाल, डीसी मनरेगा अनिल चौधरी समेत दोनों ब्लॉक के बीडीओ, एडीओ पंचायत व ग्राम सचिव आदि मौजूद रहे।