प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी युवती, भाई ने जहर खाकर दी जान
नौतनवां (महराजगंज)। बहन के गांव के एक युवक के साथ फरार होने और उसी से शादी की जिद पर अड़ने से आहत भाई ने रविवार की सुबह जहर खाकर जान दे दी। मामला नौतनवां थाना क्षेत्र के एक गांव का है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, खुदकुशी करने वाले युवक की बहन स्नातक की छात्रा है। साथ पढ़ने वाले गांव के एक युवक से उसका प्रेम संबंध था। 18 नवंबर को दोनों घर से फरार हो गए, लेकिन गांव में ही लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। दो दिनों तक गांव में मामले को लेकर पंचायत चली। इस दौरान युवक ने युवती से शादी करने और प्रेम संबंध रखने से इनकार कर दिया, लेकिन युवती प्रेमी से ही विवाह करने की जिद पर अड़ी रही। 20 नवंबर को युवती के भाई ने थाने में तहरीर देकर युवक पर उसकी बहन को शादी का झांसा देकर भगा ले जाने का आरोप लगाया। इस पर पुलिस गांव पहुंची और आरोपी को पूछताछ के लिए थाने ले गए। 21 नवंबर को उसे हिरासत में ले लिया गया। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी को जेल भेजा जाएगा। उधर, घर वालों और भाई के समझाने पर भी युवती अपनी बात पर अड़ी रही। इससे आहत भाई ने रविवार सुबह जहर खा लिया और बाइक लेकर घर से निकल गया। गांव से कुछ दूरी पर वह सड़क पर गिरकर तड़पने लगा। सूचना पर परिजन आनन-फानन उसे नौतनवां स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां कुछ देर बाद ही युवक ने दम तोड़ दिया।
प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीओ कोमल प्रसाद मिश्र ने बताया कि परिजनों एवं ग्राम प्रधान से घटनाक्रम की जानकारी ली गई है। नौतनवां पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।