काठमांडू, पोखरा और चितवन में बर्ड फ्लू की दस्तक
नेपाल सरकार ने बर्ड फ्लू प्रभावित क्षेत्र घोषित किया
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनौली (महराजगंज)। बर्ड फ्लू के कारण मुर्गियों की मौत से नेपाल में हड़कंप है। नेपाल के काठमांडू, चितवन और पोखरा के पोल्ट्री फार्मों के मुर्गियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। अब उन्हें खत्म करने को लेकर सीलिंग का काम शुरू कर दिया गया है। नेपाल सरकार ने काठमांडू, चितवन और पोखरा को बर्ड फ्लू प्रभावित क्षेत्र घोषित किया है।
नेपाल सरकार के प्रवक्ता, संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री ज्ञानेंद्र बहादुर कार्की ने कहा कि सरकार ने काठमांडू की गोकर्णेश्वर नगर पालिका -3 और चितवन राप्ती -6 को बर्ड फ्लू प्रभावित क्षेत्र घोषित करके नियंत्रित करने का निर्णय लिया है।
कैबिनेट की बैठक के फैसले की घोषणा करते हुए कहा कि पर्यटक नगरी पोखरा के कुछ हिस्से में वर्ड फ्लू के मामले आए हैं। निर्धारित स्थान के आसपास 100 मीटर तक के क्षेत्र में पक्षी विलुप्त होने की तिथि से 42 दिनों की अवधि के लिए बर्ड फ्लू प्रभावित क्षेत्र घोषित करके रोग को नियंत्रित करने का निर्णय लिया गया है।
पशु चिकित्साधिकारी पोखरा शेष नाथ अधिकारी ने बताया कि एक फॉर्म हाउस में दो सौ मुर्गियों के मरने के बाद प्रशासन अलर्ट है। नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला में भेजा गया है।