सिंदुरिया। स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर बीएएमएस के छात्र से सात लाख की ठगी कर ली गई। आरोप है कि नौकरी नहीं लगने पर जब पीड़ित ने रुपये की मांग की तो आरोपी ने मारपीट कर जानमाल की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पचरुखिया तिवारी थाना भिटौली निवासी मुनील तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मैं बीएएमएस का छात्र हूं। एक युवक ने स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर छह सितंबर 23 को एक लाख तथा 10 अक्तूबर 23 को छह लाख रुपये ले लिया। करीब चार माह बीतने के बाद नौकरी नहीं लगी तो आरोपी से पैसे वापस करने की मांग की।
आरोपी ने कहा कि रुपये बहन की शादी और अपनी दुकान में लगा दिया हूं। इसके बाद उसने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी व मारपीट की धारा के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। संवाद