महराजगंज। जिले में विद्युत विभाग ने बिजली बिल के बकाएदारों के खिलाफ एक बड़ा अभियान शुरू किया है। विभाग ने ऐसे उपभोक्ताओं की पहचान कि है जिनके बिजली बिलों की राशि 25 हजार रुपये तक है। कुल 54,232 उपभोक्ताओं को चिह्नित किया गया है, जिनके ऊपर 143 करोड़ रुपये का बकाया है। इन बकाएदारों से बिजली बिल वसूली को लेकर डिवीजन वार लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 16 से 22 अगस्त तक अभियान के तहत कुल 148 उपभोक्ताओं से 26 लाख रुपये की वसूली की गई है। विद्युत विभाग के अनुसार, अभियान में विशेष ध्यान उन उपभोक्ताओं पर दिया जा रहा है जिन्होंने लंबे समय से बिल का भुगतान नहीं किया है। विभाग ने बकाया बिल के भुगतान के लिए कई उपाय अपनाए हैं, जिसमें नोटिस जारी करना, जुर्माना लगाना और बिजली की आपूर्ति अस्थाई रूप से रोकना, उपभोक्ता से अगर इसके बावजूद भी बिल भुगतान में लापरवाही बरती गई तो एफआईआर दर्ज कराकर बकाएदारों के खिलाफ आरसी तहसील प्रशासन को सुपुर्द कर दी जाएगी।
अधिशासी अभियंता आनंदनगर द्वितीय ई चंद्रेश उपाध्याय ने बताया कि चिह्नित किए गए 54232 में कुल 148 उपभोक्ताओं से 26 लाख रुपये की वसूली हुई है। जो उपभोक्ता बकाया बिल भुगतान नहीं कर रहे हैं उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर आरसी की कार्रवाई की जा रही है।