निचलौल। अखिल भारतीय खेत और ग्रामीण मजदूर सभा और भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को शहर में पैदल यात्रा निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उसके बाद तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन किया। बाद में राज्यपाल को संबोधित 11 सूत्री ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।
तहसीलदार को सौंपे गए ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने कहा कि खेत मजदूर, ग्रामीण, गरीबों और मनरेगा मजदूरों को वर्ष भर काम की गारंटी दी जाए। मनरेगा में 200 दिन काम और 600 रुपये दैनिक मजदूरी देने, निरस्त जॉब कार्ड को बहाल करते हुए नए जॉब कार्ड बनाने, मजदूरी भुगतान को भी सरल बनाने, बुलडोजर पर पूर्ण रूप से रोक लगाने, माइक्रो फाइनेंस कंपनियों और स्वयं सहायता समूहों की ओर से दिए गए कर्ज माफ करने, ग्रामीण गरीबों के बकाया बिजली बिल माफ करते हुए 300 यूनिट बिजली फ्री देने समेत आदि मांग की। इस दौरान हरिश्चंद जायसवाल, महेश कसौधन, सुग्रीव चौहान, बेचू कसौधन, साहबान अली, साबिर अली, जोगिंद्र भारती, संतोष पाल, महेंद्र उर्फ सद्दाम आदि शामिल रहे।