भिटौली। भिटौली कस्बे में मंगलवार को दिनदहाड़े एक महिला से 50 हजार रुपये की लूट की सूचना से हड़कंप मच गया। घंटों हलकान रही पुलिस ने जब पीड़ित महिला से पूछताछ शुरू की तो जो सच सामने आया, उससे सभी हतप्रभ रह गए। पता चला कि महिला ने लूट की झूठी खबर फैलाई थी ताकि उसका पति उन रुपयों के बारे में फिर कोई पूछताछ न करे और वह रकम अपने भाई को दे सके।
मामले के अनुससार, मंगलवार दिन में स्थानीय पुलिस को सूचना मिली कि भिटौली कस्बे में बैंक से रुपये निकाल कर घर जा रही थाना क्षेत्र के गणेशपुर गांव निवासी जुलेखा से बाइक सवार बदमाशों ने 50 हजार रुपये छीन लिए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घंटों इधर-उधर हाथ-पांव मारे लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने दोबारा पीड़ित महिला जुलेखा से पूछताछ की तो उसके बयानों में बदलाव आने लगा। इस पर पुलिस को संदेह हुआ। तब उसने कड़ाई से पूछताछ शुरू की तो महिला ने सच उगल दिया।
महिला ने बताया कि उसके भाई को रुपयों की जरूरत थी। वह पति को इस बारे में नहीं बताना चाहती थी। इसलिए उसने रुपये छीने जाने की कहानी रची ताकि पति उन रुपयों के बारे में फिर कोई पूछताछ न करें। इसीलिए उसने भिटौली कस्बा स्थित एक बैंक से मंगलवार को बैंक से 50 हजार रुपये निकाल कर घर लौटने के दौरान बाइक सवार बदमाशों द्वारा रुपये छीनने की झूठी खबर फैला दी।
थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार वैश्य ने बताया कि महिला से जब पूछताछ की गई तो वह अपनी ही बातों में उलझती जा रही थी। संदेह होने पर कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने सच बता दिया।