62 मिले कोरोना संक्रमित, सक्रिय केस भी बढ़े
कोरोना से बचाव के प्रति लोगों को किया जा रहा जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले में रविवार को 62 नए लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं। अब तक कुल केस 13,178 हो चुके हैं। जिसमें मरने वालों की संख्या 142 है। 12,721 लोग कोरोना से जंग जीत चुके हैं। सक्रिय केस 308 हैं। होमआइसोलेशन में रहने वालों की संख्या 83 है।
कोरोना पॉजिटिव केस मिलने की संख्या लगातार बढ़ रही है। वहीं केस बढ़ने के बाद से ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जांच अधिक से अधिक लोगों की करने की कोशिश की जा रही है। गोपाला सीएचसी को छोडकर अन्य किसी अस्पताल में संक्रमित भर्ती नहीं हैं। रविवार को 1,233 सैंपल जांच के लिए भेजे गए। उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आईए अंसारी ने बताया कि आशा कार्यकर्ता गांव स्तर पर निगरानी कर रही हैं। बाहर से आने वालों पर नजर रखी जा रही है। सभी लोगों को मास्क का प्रयोग करते हुए सामाजिक दूरी का पालन करने को कहा गया है। समस्या होने पर तुरंत जांच कराने के साथ ही चिकित्सक के परामर्श के अनुसार दवा का सेवन करें। लापरवाही से समस्या जटिल हो सकती है।