कामगारों को लाने के लिए महराजगंज डिपो की 41 बसें लगीं
महराजगंज। मजदूरों को घर तक पहुंचाने में रोडवेज बस सेवा का अहम योगदान है। कोई भी मजदूर पैदल न आए, इसके लिए महराजगंज डिपो ने बेहतर इंतजाम किए हैं। महराजगंज डिपो की 41 बसें मजदूरों को लाने में लगी हैं। प्रत्येेक दिन बाहर से आने वाले कामगारों को गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है। इससे मजदूरों को काफी राहत मिल रही है।
नेपाल से आने वाले भारतीय नगारिकों के लिए महराजगंज डिपो की छह बसें सोनौली भेजी गई हैं, जिससे नेपाल से आने वाले लोगों को गंतव्य तक पहुंचाया जा सके। वहीं स्क्रीनिंग स्थल फरेंदा में 13 बसे लगी हैं। यहां से मजदूरों को बसे लेकर निर्धारित रूट की ओर हर रोज जाती हैं। 2 बस जनपद सीमा कतरारी के पास हैं। ये बसें यहां इसलिए लगी है कि कोई मजदूर अगर पैदल जनपद सीमा तक आ गया है तो उसे बस की सुविधा दी जाए, जिससे उसे परेशानी न हो और वह आसानी से जिला मुख्यालय तक आ सके। महराजगंज डिपो की ओर से बसों की सुविधा देने के लिए सभी कर्मी लगे हैं।
महराजगंज डिपो के प्रभारी केपी नायक ने कहा कि बाहर से आने वाले किसी कामगार को परेशान न हो, इसका खास ख्याल रखा जा रहा है। 41 बसें इन दिनों चलाई जा रही हैं, जिसमें बाहर से आने वाले मजूदरों को लाया जा रहा है। सभी चालक परिचालक अपने आप को सुरक्षित रखते हुए बेहतर ढंग से दायित्व निवर्हन में लगे हैं। चालक परिचालकों को मास्क एवं सैनिटाइजर उपलब्ध कराया गया है। साथ ही बसों को भी समय समय पर सैनिटाइज कराया जाता है।