सड़क हादसे में तीन लोग घायल
निचलौल (महराजगंज )। थाना क्षेत्र के निचलौल सिंदुरिया मार्ग पर दमकी गांव के सामने सोमवार की रात हुई सड़क दुर्घटना में तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया। जहां पर उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। जानकारी के मुताबिक सिंदुरिया थाना क्षेत्र के अरनहवा निवासी राजकुमार (40) अपने साथी मुमताज अली (38) के साथ एक बाइक पर सवार होकर नेपाल राष्ट्र के भगवानपुर किसी कार्य के लिए गए थे। जहां से दोनों कार्य पूरा कर एक बाइक से वापस घर लौट रहे थे। अभी वह लोग निचलौल सिंदुरिया मार्ग स्थित दमकी गांव के सामने पहुंचे थे। इसी बीच अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सामने से शौच कर पैदल आ रहे मनोज (39) निवासी खोन्हौली को चपेट में ले लिया। जिस दौरान बाइक सवार राजकुमार और मुमताज अली तथा मनोज गंभीर रूप से घायल हो गए। वही क्षेत्राधिकारी धीरेंद्र कुमार उपाध्याय ने कहा कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
नाले में डूबने से एक व्यक्ति की मौत
निचलौल (महराजगंज )। नगर के मुख्य तिराहे के निकट सोमवार की रात बाजार से लौट रहा एक व्यक्ति नाले में गिर गया। स्थिति गंभीर देख स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां पर इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात चिकित्सकों ने स्वास्थ जांच कर व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। वही हादसें की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिज शव को लेकर घर चले गए। जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के कपिया निवासी प्रहलाद सोमवार को देर शाम को शहर में आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी करने आये हुए थे। जहां पर खरीदारी कर वापस साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी बीच मुख्य तिराहे के निकट उनकी साइकिल अचानक अनियंत्रित हो गई। उसके बाद साइकिल लेकर नाले में गिर पड़े। जिस दौरान प्रहलाद की नाले में डूबने से मौत हो गई। क्षेत्राधिकारी धीरेंद्र कुमार उपाध्याय ने कहा कि मामले की जानकारी नहीं है। संवाद
90 शीशी नेपाली शराब बरामद
ठूठीबारी। क्षेत्र के लक्ष्मीपुर खुर्द के पास 90 शीशी नेपाली अभिमन्यू निवासी चटियां को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया। वह नेपाल से शराब लेकर भारत में आते वक्त पकडा गया। कार्रवाई की पुष्टि ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी संजय दुबे ने की।
फरार आरोपित को गिरफ्तार भेजा जेल
ठूठीबारी। लक्ष्मीपुर खुर्द गांव में बीते 31 जुलाई को बंटवारे को लेकर दो सगे भाइयों में हुई मारपीट में घायल एक भाई की मौत हो गई थी, फरार चल रहे आरोपी भाई को कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया । ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मीपुर खुर्द निवासी हकीम के दो पुत्र सैयद अली व गप्फुर 31 जुलाई को 28 लाख रुपए के बंटवारे को लेकर दोनों में मारपीट हो गई, जिससे सैयद गंभीर रुप से घायल हो गए, परिजन ईलाज के लिए निचलौल सीएचसी ले जा रहे थे की रास्ते में उनकी मौत हो गई थी। ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी संजय दूबे ने मुख्य आरोपी गफूर को गडौरा से गिरफ्तार कर जेल भेजने की पुष्टि की। संवाद
सास एवं ससुर पर केस दर्ज
खनुआ। सोनौली कोतवाली क्षेत्र के खनुआ गांव में बहू को मारने -पीटने के आरोप में पुलिस ने सास,ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीडिता सुमन भारती (32) निवासी खनुआ ने बताया कि मंगलवार की सुबह पति कार्य करने चले गए। उसके बाद सास, ससुर मारने पीटने लगे। तहरीर के आधार पर आरोपित सास ज्ञानमती व ससुर राम अवतार के खिलाफ मुकादमा दर्ज करने की पुष्टि प्रभारी निरीक्षक शशांक शेखर राय ने की।