28 और कोरोना पॉजिटिव मिले, 212 सक्रिय केस
152 लोग होम आइसोलेशन में, निगरानी समितियां कर रहीं देखभाल
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले में शनिवार को 28 और लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। जनपद में अब सक्रिय केस की संख्या 212 हो गई है। सोनौली में सीमा पर नेपाल से आने वाले लोगों की जांच में तेजी लाई गई है।
जिले में अब तक कोरोना के 14,292 केस मिल चुके हैं। 13,936 लोग कोरोना से जंग जीत चुके हैं। अब तक कोरोना संक्रमण की वजह से 143 लोगों की जान जा चुकी है। इस समय 152 संक्रमित होमआइसोलेशन में हैं। इनकी देखभाल निगरानी समितियों के माध्यम से कराई जा रही है। 10,33,765 सैंपल की जांच अब तक हो चुकी है। शनिवार को 818 सैंपल जांच के लिए भेजे गए। कोरोना से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आईए अंसारी ने बताया कि होमआइसोलेशन में संक्रमितों को जरूरी दवाएं दी जा रही हैं। प्रत्येक दिन, लोगों की जांच करने की कोशिश जारी है। गांव स्तर पर आशा कार्यकर्ता घर-घर भ्रमण कर सर्दी, बुखार के मरीजों को चिह्नित करने में जुटी हैं। इन दिनों केस मिलने की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। बचाव के प्रति सभी लोगों को सचेत रहने की जरूरत है। मास्क का इस्तेमाल करने के साथ ही सामाजिक दूरी बनाना बेहद जरूरी है। संक्रमितों का बेहतर ढंग से इलाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर चिकित्सक के परामर्श के अनुसार जांच कराने के बाद दवा का सेवन करें। लापरवाही से परेशानी हो सकती है।