खाद्य पदार्थ के 21 नमूने फेल
महराजगंज। जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जाते हैं। इनमें 21 नमूनों के फेल होने की रिपोर्ट आई है। यह अद्योमानक या मिथ्या छाप मिले हैं। अब संबंधित के खिलाफ एडीएम न्यायालय में वाद दाखिल करने की तैयारी की जा रही है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अनुसार जिन 21 खाद्य पदार्थों के नमूनों की रिपोर्ट फेल हुई है। इनमें बेसन, पनीर, नमकीन, छेना मिठाई, पानी, वनस्पति, पापड़, तेल शामिल हैं। संबंधित व्यापारी को नोटिस भेज दी गई है। रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए 16 से 20 अगस्त तक सभी तहसीलों ने 30 नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जा चुके हैं।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि खोया के दो, दूध के तीन, मिल्क मिठाई के 11, सरसों के तेल का एक, अन्य खाद्य तेल के तीन, बेकरी एक, दाल 6, प्रोसेस फूड एक, अन्य मिठाई के दो नमूने एकत्र होने के बाद जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। त्योहारों के अलावा समय-समय पर टीम जिले में भ्रमण कर जांच करती है। जांच रिपोर्ट आने पर वाद दाखिल कराया जाता है। अगस्त में आई रिपोर्ट में 21 नमूने फेल हुए हैं। संबंधित व्यापारी को नोटिस भेजकर वाद दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार पांडेय, श्रीराम मौर्य, अंकिता शामिल रहे।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के लिए टीम जांच करती है। दुकानों पर स्वच्छता के लिए व्यापारियों को जागरूक किया जाता है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।
ब्रजेंद्र शर्मा, अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन